बहरागोड़ा/जमशेदपुर: गलवान घाटी में जून 2020 में चीनी सेना से मुकाबला करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए झारखंड के वीर सपूत गणेश हांसदा के छठे शहादत दिवस पर बहरागोड़ा के शहीद ग्राम कोसाफलिया में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। ग्रामीणों, बच्चों और परिजनों ने स्मारक स्थल एवं बांसदा चौक स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर माता-पिता कापरा हांसदा व सुगदा हांसदा, बड़े भाई दिनेश हांसदा, वीर शहीद गणेश हांसदा फेलोशिप के छात्र, निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार और वैद्यनाथ हांसदा समेत कई लोग मौजूद रहे।
शिक्षा संस्थानों में भी याद की गई शहादत
भंडारशोल स्थित ‘वीर शहीद गणेश हांसदा पुस्तकालय’ और करनडीह के लाल बहादुर मेमोरियल कॉलेज के आदिवासी छात्रावास में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने शहीद की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी शौर्यगाथा से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
22 बच्चों को मिल रहा फेलोशिप का लाभ
ग्रामीण युवाओं को शिक्षा और प्रेरणा से जोड़ने के लिए संचालित ‘वीर शहीद गणेश हांसदा फेलोशिप’ के तहत अब तक चार बैचों के 22 छात्र मैट्रिक से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई कर रहे हैं। फेलोशिप का पांचवां संस्करण अगले महीने शुरू किया जाएगा। पहले बैच के छात्र अब स्नातक के अंतिम वर्ष में पहुंच चुके हैं।

शहीद की जीवनी पर बनेगी कॉमिक्स
शहीद की शौर्यगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ‘वीर शहीद संवाद’ कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी है। साथ ही, गणेश हांसदा के जीवन पर आधारित कॉमिक्स का पहला ड्राफ्ट भी प्रस्तुत किया गया। जल्द ही ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे कॉमिक्स के माध्यम से अपने स्थानीय नायक की प्रेरणादायक कहानी पढ़ सकेंगे। शहीद के बड़े भाई दिनेश हांसदा ने कहा कि निश्चय फाउंडेशन के प्रयासों से देश के वीर सपूतों की कहानियां जन-जन तक पहुंच रही हैं। कार्यक्रम में जयदीप महाकुड, विकास कुमार, रूपनारायण बेरा, जोबा किस्कू, निर्मला सोरेन, यमुना किस्कू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे उपस्थित रहे।
