Ranchi News: नामकुम स्टेशन के पास RPF जवान का क्षत-विक्षत शव बरामद, सिर धड़ से अलग; 3 दिन पहले ही हुई थी पोस्टिंग

नामकुम में सनसनी: नाइट ड्यूटी पर तैनात RPF जवान का मिला सिर कटा शव, जांच में जुटीं पुलिस की कई टीमें।

Johar News Times
3 Min Read

राजधानी रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ रेलवे ट्रैक के किनारे ड्यूटी यूनिफॉर्म में एक आरपीएफ जवान का शव बरामद किया गया है। शव की स्थिति बेहद वीभत्स थी और उसका सिर धड़ से अलग मिला। घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। इस घटना के बाद से ही रेल महकमे और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

  • शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मृत जवान का हाल ही में सुइसा से नामकुम स्टेशन पर ट्रांसफर हुआ था और उन्होंने तीन दिन पहले ही यहाँ जॉइन किया था।
  • सूत्रों के अनुसार, जवान हाल ही में विवाह बंधन में बंधे थे। घटना के वक्त वे स्टेशन पर नाइट ड्यूटी पर तैनात थे।
  • सूचना मिलते ही आरपीएफ , जीआरपी और स्थानीय रेलवे पुलिस की टीमें फौरन मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

घटनास्थल से बैग बरामद, हत्या या आत्महत्या? जांच जारी

पुलिस को छानबीन के दौरान घटनास्थल से जवान का एक बैग भी बरामद हुआ है। रेलवे पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है कि यह कोई रेल हादसा है, आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी वजह है।

रांची आरपीएफ निरीक्षक शिशुपाल कुमार ने घटना की गंभीरता को देखते हुए कहा कि रेलवे ट्रैक के पास ड्यूटी पर तैनात जवान का शव इस हालत में मिलना बेहद गंभीर मामला है। इस पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय और विस्तृत जांच कराई जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने आधिकारिक तौर पर अभी जवान का नाम सार्वजनिक नहीं किया है, हालांकि उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने, तकनीकी और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का सटीक पता चल सकेगा।

Share This Article