Jamshedpur News: कुख्यात महिला गैंगस्टर ‘चटनी डॉन’ गिरफ्तार, मामूली विवाद में परिवार पर कराया था जानलेवा हमला

Jamshedpur News: कुख्यात महिला गैंगस्टर ‘चटनी डॉन’ गिरफ्तार, मामूली विवाद में परिवार पर कराया था जानलेवा हमला

Johar News Times
3 Min Read

जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में एक परिवार पर जानलेवा हमला कराने के आरोप में कुख्यात महिला गैंगस्टर प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 15 जून 2026 को आदर्श नगर, ग्वाला बस्ती में हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था। पीड़िता पूजा देवी की शिकायत पर सोनारी थाना में मामला दर्ज किया गया था।

बच्चे को बचाने की नसीहत पर भड़का विवाद

पुलिस के अनुसार, ग्वाला बस्ती निवासी ओम प्रकाश सिंह अपने घर के बाहर बैठे थे, जबकि एक बच्चा सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान पवन यादव अपनी स्विफ्ट डिजायर कार तेज गति से लेकर वहां पहुंचा। बच्चे के बाल-बाल बचने पर ओम प्रकाश सिंह ने उसे सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और पवन यादव ने कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि कार में मौजूद उसकी पत्नी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन ने फोन कर अपने गुर्गों को बुला लिया। हथियारों से लैस बदमाशों ने मौके पर पहुंचकर परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।

15 गंभीर मामलों में आरोपी है चटनी डॉन

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए चटनी डॉन को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ सोनारी थाना में मारपीट, लूट, छिनतई, रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत 15 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि स्थानीय व्यवसायियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलना उसके गिरोह की प्रमुख गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए जिला प्रशासन पहले उसे झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम के तहत एक वर्ष के लिए जिला बदर भी कर चुका है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

छापेमारी टीम में सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे सहित कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Share This Article