जिला प्रशासन और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में जिले के सभी प्रखंडों में व्यापक नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे के अभिशाप से मुक्त कराना और एक स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।
अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता वाहनों के माध्यम से लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जा रहा है।
दीदियों और सामुदायिक कैडरों ने संभाली कमान
इस महाअभियान में स्वयं सहायता समूह की दीदियों, ग्राम संगठन की कार्यकारिणी समिति के सदस्यों, जेंडर CRP, पंचायत समिति सदस्यों, वार्ड सदस्यों तथा अन्य सामुदायिक कैडरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जागरूकता रैली के जरिए ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि नशा न सिर्फ स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि परिवार और समाज की आर्थिक व सामाजिक स्थिति को भी छिन्न-भिन्न कर देता है।
नुक्कड़ नाटक और जागरूकता वाहन बने मुख्य आकर्षण
ग्रामीणों को प्रभावी ढंग से जागरूक करने के लिए विभिन्न पंचायतों और गांवों में नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जा रहा है। इसके जरिए नशे के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को जीवंत रूप में दिखाया जा रहा है। वहीं, विशेष जागरूकता वाहनों द्वारा लाउडस्पीकर और संदेशों के माध्यम से सुदूर क्षेत्रों तक नशामुक्ति का पैगाम पहुँचाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने ली नशामुक्त समाज की शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को खुद नशे से दूर रहने तथा अपने गांव व समुदाय को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। प्रशासन द्वारा अपील की गई है कि:
- युवा पीढ़ी को नशे की लत से दूर रखें।
- समाज में नशे के खिलाफ लगातार जनजागरूकता फैलाएं।
- किसी भी प्रकार की अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री या गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग या प्रशासन को दें।
