लौहनगरी के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूबासा गोलचक्कर के पास गुरुवार को प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिला। कोर्ट के आदेश के बाद जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति और जुस्को की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान जेसीबी मशीन की मदद से सरकारी जमीन पर बनी छह अवैध दुकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए, जिससे कुछ समय के लिए वहां तनाव की स्थिति बनी रही।
- भालूबासा गोलचक्कर के समीप रहने वाले अजय नाथ ने साल 2024 में अपने घर के सामने बनी इन दुकानों के खिलाफ कोर्ट में केस दायर किया था। उनका आरोप था कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकानें बनाई गई हैं, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने अजय नाथ के पक्ष में फैसला सुनाते हुए अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया था।
- कोर्ट के इसी निर्देश के आलोक में गुरुवार को जेएनएसी, जुस्को और स्थानीय पुलिस की टीम भालूबासा पहुँची। जैसे ही जेसीबी ने दुकानों को तोड़ना शुरू किया, प्रभावित दुकानदारों ने विरोध करने की कोशिश की। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों ने अदालत के आदेश का हवाला देते हुए सख्त रुख अपनाया और अभियान को रुकने नहीं दिया।
इन दुकानदारों पर गिरी गाज
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत जिन छह लोगों की अवैध दुकानों को हटाया गया है, उनमें शामिल हैं:
- आशीष कुमार सोनकर
- हरे कृष्णा पुथल
- मनोज कुमार
- संजय कुमार
- शीतल
- आरती
प्रशासन की चेतावनी: अवैध कब्जा नहीं होगा बर्दाश्त
कार्रवाई के संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पूरी प्रक्रिया माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है। सरकारी भूमि या सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे या अतिक्रमण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
