जमशेदपुर के कदमा स्थित तरुण संघ प्रांगण में इलाके की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने की। बैठक में स्थानीय लोगों ने अवैध मटका, जुआ और शराब कारोबार से लेकर अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम, सफाई व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं उठाईं।
बैठक के दौरान स्थानीय निवासियों ने बताया कि शास्त्री नगर के ब्लॉक नंबर 2 और 3 के सामने स्थित अतिक्रमित भूमि को पहले प्रशासन और जुस्को द्वारा खाली कराया गया था, लेकिन अब वहां दोबारा अतिक्रमण शुरू हो गया है। लोगों ने आरोप लगाया कि मुख्य सड़क किनारे कचरे का टब रखे जाने से इलाके में गंदगी फैल रही है और राहगीरों को परेशानी हो रही है। इसके साथ ही मेन रोड पर घंटों ट्रैफिक जाम की समस्या से भी लोगों ने नाराजगी जताई।
बैठक में हाईमास्ट लाइट, सड़क और नाली निर्माण से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। स्थानीय लोगों का कहना था कि कई इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की हालत खराब है, जिससे आम लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा नाराजगी कदमा थाना क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध मटका, जुआ और शराब कारोबार को लेकर देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में खुलेआम अवैध धंधे संचालित हो रहे हैं, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद कदमा थाना प्रभारी की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि थाने में तैनात वाहन चालक और कुछ अन्य पदाधिकारी स्थानीय निवासियों को बेवजह परेशान करते हैं।
बैठक में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) की सफाई व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। भाटिया बस्ती समेत अन्य इलाकों में डोर-टू-डोर कचरा उठाव नियमित रूप से नहीं होने की शिकायत सामने आई। लोगों ने कहा कि कई बार तीन-तीन दिन तक कचरा उठाने वाली गाड़ी नहीं आती, जिससे इलाके में दुर्गंध फैलती रहती है और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का खतरा बना रहता है। सभी शिकायतों को सुनने के बाद मुकुल मिश्रा ने आश्वासन दिया कि वह इन मुद्दों को विधायक सरयू राय के समक्ष रखेंगे और समस्याओं के जल्द समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक में मुख्य रूप से नीरज सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, राकेश सिंह, रवि शंकर सिंह, भीम सिंह, अमरेंद्र मल्लिक, केपी सिंह, ललन चौहान, तारक मुखर्जी, मनोज सिंह, चिंतामणि दुबे, अशोक दुबे, डीएन सिंह, अजीत सिंह, डिंपल बिस्वा, संजीव सिंह, लाली दीक्षित, रवींद्र राय, दिनेश त्रिपाठी, पवन दुबे, कृष्णा प्रसाद, सुभाष सिंह, अर्जुन सिंह समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
