जमशेदपुर में नीट (एनईईटी) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। देशभर में परीक्षा धांधली को लेकर बढ़ते आक्रोश के बीच हुए इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में पेपर लीक की घटना ने देश के लाखों मेहनती छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं और इसकी जवाबदेही केंद्र सरकार को लेनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक के बाद मानसिक तनाव से गुजर रहे छात्रों और आत्मघाती कदम उठाने की घटनाओं पर भी चिंता जताई। परविंदर सिंह ने कड़े शब्दों में कहा कि जिन छात्र-छात्राओं ने परीक्षा धांधली के बाद अवसाद में आकर आत्महत्या की है, उनकी जिम्मेदारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री पर तय होनी चाहिए। उन्होंने दोनों नेताओं के तत्काल इस्तीफे की भी मांग की। जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में पूरे नीट पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई, ताकि छात्रों के भविष्य की रक्षा हो सके और दोषियों को सख्त सजा मिल सके।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
