पाकुड़: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के दिवंगत नेता एवं झारखंड अलग राज्य आंदोलन के अग्रणी योद्धा सह पूर्व विधायक स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की 17वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को लिट्टीपाड़ा प्रखंड के रुडगू स्थित आवासीय कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान राजमहल सांसद विजय हाँसदा, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू तथा झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सांसद विजय हाँसदा ने कहा कि स्वर्गीय दुर्गा सोरेन ने झारखंड आंदोलन में अहम भूमिका निभाई थी। झारखंड के सर्वांगीण विकास के लिए वे सदैव प्रयत्नशील रहे और पूरे राज्य में उनकी पहचान एक सर्वमान्य नेता के रूप में थी।
वहीं विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि दुर्गा सोरेन हमेशा गरीबों, जरूरतमंदों एवं समाज के सभी वर्गों के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते थे। उनकी नेतृत्व क्षमता अद्भुत थी और वे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने कहा कि उनके असामयिक निधन से झारखंड की राजनीति में जो शून्यता आई है, उसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन उनके कार्य हमेशा लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ मिलकर दुर्गा सोरेन ने अलग झारखंड राज्य आंदोलन को मजबूत नेतृत्व प्रदान किया था। उनके संघर्ष और समर्पण से सभी को सीख लेने की आवश्यकता है।
मौके पर लिट्टीपाड़ा प्रखंड अध्यक्ष प्रसाद हाँसदा, सचिव जावेद आलम, हिरणपुर प्रखंड अध्यक्ष इसहाक अंसारी, पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष मुसलोद्दीन शेख, अम्लान कुसुम सिन्हा (बुल्टी), प्रखंड उपाध्यक्ष रंजन साहा, मतीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
