जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गुरुद्वारा रोड स्थित कालीघाट और भैंस घाट के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह कुछ लोग घाट की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में संदिग्ध अवस्था में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है। इसके बाद तत्काल मानगो थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
