सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध बीयर जब्त की गई तथा चुलाई शराब के अड्डों को ध्वस्त किया गया।
उत्पाद विभाग की टीम ने 20 मई की रात ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बामनडीह गांव में छापेमारी की। इस दौरान पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए चिह्नित बड़ी मात्रा में बीयर बरामद की गई। टीम ने Hywards Bold Beer के 55 बोतल, Tuborg Beer के 5 बोतल और Kingfisher Beer के 5 बोतल जब्त किए। कुल मिलाकर 42.25 लीटर अवैध बीयर बरामद हुई। विभाग के अनुसार इन शराब की खेप को अवैध रूप से झारखंड लाकर बेचा जा रहा था।
इसके अलावा 21 मई की सुबह सीनी ओपी थाना क्षेत्र के महादेवपुर गांव में कार्रवाई करते हुए दो अवैध चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया गया। मौके से 1200 किलोग्राम जावा महुआ और 60 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई। उत्पाद विभाग ने जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

उत्पाद विभाग ने बताया कि बरामद शराब और अन्य सामग्री को जब्त कर उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
उपायुक्त ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
