पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक कोयला कंपनी से नक्सली संगठन के नाम पर 50 लाख रुपए की लेवी मांगने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के महज पांच दिनों के भीतर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया।
पाकुड़ के एसपी अनुदीप सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 14 मई की रात बीजीआर कोल माइन्स कंपनी की कंस्ट्रक्शन साइट पर दो नकाबपोश अपराधी पहुंचे थे। यह कंपनी बरदाहा गांव के पास इकड़ी नाला में एक पुल का निर्माण कार्य करा रही है। निर्माण स्थल पर पहुंचकर बदमाशों ने खुद को नक्सली संगठन का सदस्य बताया और काम जारी रखने के एवज में 50 लाख रुपए की लेवी की मांग की।
घटना के बाद अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 34/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए महेशपुर के एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बड़दाहा निवासी चांद हांसदा उर्फ चुटरोय और पचुवाड़ा निवासी चानुस सोरेन को धर दबोचा। कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कोयला कंपनी से रंगदारी मांगने की बात कबूल कर ली है। एसपी ने बताया कि पुलिस अब दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।
