राजस्थान महोत्सव सह मेला 2026 के जरिए जमशेदपुर में राजस्थान की संस्कृति, लोककला, शौर्य और विरासत का भव्य संगम देखने को मिलेगा। पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के तत्वावधान में 17 से 19 मई 2026 तक गोपाल मैदान में तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति ने बताया कि महोत्सव का उद्घाटन 17 मई की शाम 5 बजे होगा। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, जबकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भी शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने बताया कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं, खान-पान, कला और सामाजिक समरसता को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। तीनों दिनों तक शहर में राजस्थान की माटी की खुशबू और लोक संस्कृति की झलक दिखाई देगी।
महोत्सव में लोक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। 17 मई को प्रसिद्ध लोक गायक संजय मुकुंदगढ़ अपनी प्रस्तुति देंगे। 18 मई को थिएटर ग्रुप टर्बन टेल्स द्वारा हास्य-व्यंग्य नाटक “शेक्सपियर म्हारो जमाई” का मंचन किया जाएगा, जिसका निर्देशन ध्रुमित चौहान ने किया है। वहीं 19 मई को लोक संगीत सम्राज्ञी सीमा मिश्रा अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगी।इस वर्ष पहली बार “मिनी जैसलमेर” विशेष आकर्षण का केंद्र होगा, जहां रेत के टीलों, पारंपरिक सजावट और ऊंट की सवारी के जरिए रेगिस्तानी राजस्थान का अनुभव कराया जाएगा। बच्चों और परिवारों के लिए यह खास आकर्षण रहेगा।
मेले में “चोखी ढाणी” थीम पर पारंपरिक राजस्थानी माहौल तैयार किया जाएगा, जहां लोग दाल-बाटी-चूरमा समेत राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। इसके अलावा घूमर, कालबेलिया, कठपुतली नृत्य, मेहंदी, चूड़ी और ग्रामीण संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। मेले में राजस्थानी वस्त्र, हस्तशिल्प, आभूषण, सजावटी सामग्री और खान-पान के कई स्टॉल लगाए जाएंगे। बच्चों और महिलाओं के लिए गेम जोन, सांस्कृतिक झांकियां और मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति के अनुसार “चोखी ढाणी” के लिए स्लॉट आधारित एंट्री व्यवस्था रखी गई है और इसकी अग्रिम बुकिंग शुरू हो चुकी है।
