ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर शानदार जीत जरूर दर्ज की, लेकिन मैच के बाद बीसीसीआई ने कप्तान ऋषभ पंत पर कार्रवाई कर दी। धीमी ओवर रेट बनाए रखने के कारण उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह इस सीजन में टीम की पहली ओवर-रेट गलती थी, इसलिए आईपीएल आचार संहिता के तहत पंत पर यह फाइन लगाया गया। मुकाबला भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था।
मैच में लखनऊ ने चेन्नई को 7 विकेट से हराया। मिशेल मार्श ने 38 गेंदों में 90 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्होंने जोश ईंगलिस के साथ पहले विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी कर मैच एकतरफा बना दिया।
वहीं चेन्नई की ओर से युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने 71 रन की शानदार पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने नाबाद 32 रन बनाए। इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद चेन्नई का नेट रनरेट भी प्रभावित हुआ और टीम अंक तालिका में पांचवें से छठे स्थान पर खिसक गई।
