जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र से फिर एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सुवर्णरेखा नदी किनारे संदिग्ध विस्फोटक मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही भारतीय सेना की विशेष टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में भय का माहौल है और प्रशासन ने इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी है।
जमशेदपुर के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पानीपड़ा नागुड़साई गांव में सुवर्णरेखा नदी के किनारे संदिग्ध विस्फोटक मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। पिछले तीन दिनों से ग्रामीण नदी किनारे भारी धातु जैसी वस्तु देख रहे थे। धीरे धीरे यह खबर पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैल गई, जिसके बाद लोगों में डर का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यह वस्तु द्वितीय विश्व युद्ध के समय का पुराना बम हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को भारतीय सेना की विशेष टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सेना की टीम का नेतृत्व कर रहे कैप्टन आयुष कुमार सिंह ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि यह वस्तु जिंदा बम प्रतीत हो रही है और इसमें अभी भी विस्फोट की संभावना बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल बम के प्रकार, उसकी स्थिति और मारक क्षमता का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट सैन्य मुख्यालय को भेजी जाएगी, जिसके बाद निर्देश मिलने पर इसे निष्क्रिय करने की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है और संदिग्ध वस्तु के आसपास के क्षेत्र को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
सेना और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति बम के पास न जाए और न ही उसे छूने की कोशिश करे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया जाएगा।
ताजातरीन खबरों और अपडेट्स के लिए हमारे चैनल को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
















