IPL 2026: क्या 15 साल के वैभव सूर्यवंशी फिर घर ले जाएंगे चमचमाती कार? बल्ले से मचा रखा है गदर!

अगर वैभव सीजन के अंत तक इस लिस्ट में टॉप पर बने रहते हैं, तो उन्हें इनाम के तौर पर चमचमाती Tata Sierra कार दी जाएगी।

Johar News Times
3 Min Read

आईपीएल 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से दुनिया को हैरान करने वाले 15 वर्षीय सनसनी वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर इतिहास रचने की दहलीज पर हैं। चौकों-छक्कों की बरसात कर रहे वैभव इस सीजन के सबसे प्रतिष्ठित ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ अवॉर्ड को जीतने की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं।

राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे वैभव ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी से न सिर्फ फैंस का दिल जीता है, बल्कि टीम को कई मुकाबले अकेले दम पर जिताए हैं। उन्हीं के दमदार प्रदर्शन की बदौलत राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ की रेस में मजबूती से बनी हुई है। अगर राजस्थान की टीम 24 मई (रविवार) को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना अगला मुकाबला जीत लेती है, तो वह सीधे प्लेऑफ में जगह पक्की कर लेगी।

वैभव के आंकड़े: 15 साल की उम्र में दिग्गजों जैसे तेवर

इस सीजन में वैभव का बल्ला जमकर बोल रहा है। उन्होंने अब तक खेले 13 मैचों में 44.53 की शानदार औसत से कुल 579 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 236.32 का रहा है, जिसमें उन्होंने 245 गेंदों का सामना किया है। वैभव ने मौजूदा सीजन में 1 शतक और 3 अर्धशतक जड़े हैं, जबकि उनके बल्ले से 50 चौके और 53 गगनचुंबी छक्के निकल चुके हैं।

क्या हैं ‘सुपर स्ट्राइकर’ अवॉर्ड के नियम?

आईपीएल के नियमों के मुताबिक, ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ की रेस में वही खिलाड़ी शामिल हो सकता है जिसने कम से कम 7 मैच खेले हों और न्यूनतम 100 गेंदों का सामना किया हो। सीजन के अंत में जिस खिलाड़ी का स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा होता है, उसे यह अवॉर्ड दिया जाता है।

रेस में दिग्गजों को छोड़ा पीछे, मिलेगी चमचमाती Tata Sierra

स्ट्राइक रेट के मामले में इस समय वैभव सूर्यवंशी ने दुनिया के बड़े-बड़े हार्ड-हिटर बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। वैभव 236.32 के स्ट्राइक रेट के साथ पहले नंबर पर हैं। उनके बाद फिन एलन (219.33), प्रियांश आर्य (212.86), अभिषेक शर्मा (206.22) और उर्विल पटेल (201.56) का नंबर आता है।

अगर वैभव सीजन के अंत तक इस लिस्ट में टॉप पर बने रहते हैं, तो उन्हें इनाम के तौर पर चमचमाती Tata Sierra कार दी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें 10 लाख रुपये की प्राइज मनी भी मिलेगी।

Share This Article