जमशेदपुर के एग्रिको मैदान में एग्रिको हेल्थ क्लब द्वारा आयोजित 15 दिवसीय समर कैंप में शुक्रवार को डेमो डे का आयोजन किया गया। इस दौरान कैंप में प्रशिक्षण ले रहे बच्चों ने अब तक सीखी गई विभिन्न खेल और गतिविधियों का प्रदर्शन अभिभावकों एवं क्लब सदस्यों के सामने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बच्चों के उत्साह और प्रतिभा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि समर कैंप में 500 से अधिक बच्चे भाग ले रहे हैं, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि एग्रिको हेल्थ क्लब वर्षों से सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। क्लब द्वारा एग्रिको मैदान को बेहतर खेल मैदान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन प्रशासनिक सहयोग नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि मैदान में लगातार शादी, पार्टी और अन्य कार्यक्रम होने से खेल गतिविधियां प्रभावित होती हैं। यदि इसे पूरी तरह खेल मैदान के रूप में विकसित किया जाए तो बच्चों और खिलाड़ियों को काफी लाभ मिलेगा।
एग्रिको हेल्थ क्लब के महासचिव सनोत सिंह ने बताया कि डेमो डे का उद्देश्य बच्चों द्वारा सीखी गई बेसिक ट्रेनिंग और उनकी रुचि को प्रदर्शित करना है। उन्होंने कहा कि कैंप में सभी बच्चों को नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चे भी आगे बढ़ सकें।
कैंप में क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, ताइक्वांडो, हैंडबॉल, बॉक्सिंग और तीरंदाजी जैसे खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आर्चरी कोच ने कहा कि झारखंड ने दीपिका कुमारी और कोमालिका बारी जैसे खिलाड़ी दिए हैं, इसलिए खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
कोच नागेंद्र लाल शुक्ल ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। शनिवार को प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरण किया जाएगा, जबकि अगले दिन भव्य समापन समारोह आयोजित होगा।
