भारतीय क्रिकेट टीम के आगामी अफगानिस्तान दौरे के लिए टेस्ट और वनडे स्क्वॉड का आधिकारिक ऐलान आज (मंगलवार, 19 मई) होने की पूरी संभावना है। बीसीसीआई की चयन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक गुवाहाटी में आयोजित की गई है, जहां अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए खिलाड़ियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार कोई पारंपरिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित नहीं की जाएगी। चयन समिति दोपहर 2:30 से 3:00 बजे के बीच सीधे सोशल मीडिया हैंडल के जरिए दोनों टीमों का ऐलान कर सकती है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच इस दौरे की शुरुआत 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच से होगी। यह मैच सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा। इसके बाद 14 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसके मुकाबले धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में आयोजित होंगे। सभी वनडे मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होंगे।
चर्चा है कि इस टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल को टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है। संभावित टेस्ट स्क्वॉड में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन देखने को मिल सकता है। यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल और विकेटकीपर के रूप में ऋषभ पंत का चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर, साई सुदर्शन, रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, ध्रुव जुरेल, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और आकाश दीप रेस में बने हुए हैं। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले आकिब नबी डार के नाम पर भी चयनकर्ता विचार कर सकते हैं।
वनडे सीरीज के लिए मुख्य कोर टीम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस सीरीज से आराम दिया जा सकता है। उनकी जगह युवा सनसनी प्रिंस यादव को टीम में एंट्री मिल सकती है।
संभावित वनडे टीम में रोहित शर्मा, शुभमन गिल , विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हो सकते हैं। वहीं, विकेटकीपर के तौर पर ऋषभ पंत के साथ-साथ ईशान किशन या संजू सैमसन के नाम पर भी कड़ा मुकाबला है।
