पश्चिम बंगाल के आसनसोल में शुक्रवार रात उस समय अचानक तनाव फैल गया जब नया मोहल्ला इलाके में एक अफवाह के बाद उग्र भीड़ ने पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया। भीड़ का आरोप था कि पुलिस ने शुक्रवार की नमाज को रोकने की कोशिश की है। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और केंद्रीय बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षाबलों की भारी तैनाती है और लगातार गश्त जारी है।
लाउडस्पीकर की आवाज कम करने गई थी पुलिस
आसनसोल नॉर्थ के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक गलतफहमी से हुई। नया मोहल्ला पुलिस चौकी के अधिकारी मस्जिद कमेटी से बातचीत करने गए थे। पुलिस ने अनुरोध किया था कि नमाज के दौरान लाउडस्पीकर की आवाज केवल मस्जिद परिसर तक सीमित रखी जाए। इसी बातचीत को लेकर इलाके में यह अफवाह फैल गई कि पुलिस जुमे की नमाज को रोकने पहुंची है। देखते ही देखते यह बात भीड़ में फैल गई और स्थिति बेकाबू हो गई।
भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव
जैसे ही पुलिस और मस्जिद कमेटी के सदस्य बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक एक उग्र भीड़ मौके पर पहुंची और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों को बुलाया गया। बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भीड़ को वहां से खदेड़ दिया और इलाके को नियंत्रण में लिया।
कई लोग हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, अब तक किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
विधायक ने लगाया आरोप
विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि कुछ “टीएमसी समर्थित असामाजिक तत्व” जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे तय ध्वनि मानकों का पालन करें और बिना अनुमति लाउडस्पीकर का उपयोग न करें।
फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस सतर्कता के साथ निगरानी बनाए हुए है।
