चांडिल: पेट्रोल पंपों पर नहीं होगी किल्लत, एसडीओ ने संचालकों को दिए सख्त निर्देश—एम्बुलेंस और जरूरी सेवाओं को मिलेगी प्राथमिकता

अफवाहों पर न दें ध्यान, ईंधन का है पर्याप्त समाधान—चांडिल प्रशासन का सुरक्षा और सुविधा पर जोर।

Johar News Times
2 Min Read

क्षेत्र में ईंधन की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन रेस हो गया है। सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी श्री विकास कुमार राय ने क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराना है।

बैठक के दौरान एसडीओ ने सख्त निर्देश दिया कि एम्बुलेंस, दमकल , खाद्य आपूर्ति और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को कतार में इंतजार नहीं कराना होगा। इन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा ताकि जनहित की सेवाएं प्रभावित न हों।

अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ईंधन की जमाखोरी, कालाबाजारी या किल्लत की झूठी अफवाह फैलाने वाली गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संचालकों को निर्देश दिया गया है कि:

  • निर्धारित दर पर ही ईंधन का विक्रय करें।
  • पंपों पर लगने वाली भीड़ का सुनियोजित प्रबंधन करें।
  • वितरण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतें।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। लोग किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पैनिक बाइंग (जरूरत से ज्यादा खरीदारी) न करें। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article