चतरा में दर्दनाक हादसा: माॅर्निंग वॉक पर निकली कांग्रेस नेता श्रवण साव की मां को डंपर ने कुचला, मौके पर मौत; विरोध में सड़क जाम

चतरा में दर्दनाक हादसा: माॅर्निंग वॉक पर निकली कांग्रेस नेता श्रवण साव की मां को डंपर ने कुचला, मौके पर मौत; विरोध में सड़क जाम

Johar News Times
2 Min Read

चतरा (झारखंड)। जिले के हंटरगंज बाजार में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में स्थानीय कांग्रेस नेता श्रवण साव की वृद्ध मां की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका सुबह नियमित रूप से माॅर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान हंटरगंज बाजार के पास तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि फरार डंपर चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर रोक लगाई जाए। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि डंपर की पहचान कर ली गई है और जल्द ही वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसे प्रशासन की लापरवाही का परिणाम हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक सड़कों पर बेलगाम भारी वाहनों का कहर जारी रहेगा और कब तक निर्दोष लोग अपनी जान गंवाते रहेंगे।

Share This Article