जिला प्रशासन ने अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के कड़े निर्देश के बाद जिला खनन विभाग ने गुरुवार को ईचागढ़ और नीमडीह थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान स्वर्णरेखा नदी घाट से अवैध बालू ले जाते एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।
जारगोडीह घाट पर बड़ी कार्रवाई
जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम ने ईचागढ़ थाना क्षेत्र के जारगोडीह स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर औचक निरीक्षण किया। छापेमारी के दौरान टीम ने एक ट्रैक्टर को अवैध रूप से बालू का परिवहन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। वाहन को तत्काल जब्त कर विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जब्त ट्रैक्टर को सुरक्षा के दृष्टिकोण से ईचागढ़ थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
सोनाडुंगरी में भी जांच, अधिकारियों को सतत निगरानी के निर्देश
ईचागढ़ के बाद खनन विभाग की टीम नीमडीह थाना अंतर्गत एकलव्य विद्यालय परिसर स्थित सोनाडुंगरी क्षेत्र पहुंची। यहाँ पूर्व में दर्ज की गई प्राथमिकीके आधार पर स्थिति का जायजा लिया गया। जिला खनन पदाधिकारी ने मौके पर मौजूद नीमडीह अंचलाधिकारी और स्थानीय थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस क्षेत्र में अवैध उत्खनन या परिवहन की किसी भी गतिविधि पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाएं और सतत निगरानी रखें।
“अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान थमेगा नहीं। जिला प्रशासन नदी घाटों पर पैनी नजर रखे हुए है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
— जिला प्रशासन, सरायकेला
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध खनन या परिवहन हो रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत खनन विभाग या स्थानीय पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
