भारतीय जनता पार्टी की सांगठनिक मजबूती और कार्यकर्ताओं के वैचारिक सशक्तिकरण के लिए शुक्रवार को किरीबुरू में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का आगाज हुआ। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा समेत कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की।
बूथ सशक्तिकरण और जनसंपर्क पर जोर
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, बूथ सशक्तिकरण और प्रभावी जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति साझा की। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और केंद्र सरकार की उपलब्धियों से पूरी तरह लैस करना है।
“अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा विकास”
‘मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं’ विषय पर सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आज आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के पहुंच रहा है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर इन योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएं।
दिग्गजों का लगा जमावड़ा
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा सहित जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिविर के दूसरे दिन भी विभिन्न सांगठनिक विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।
