Sahibganj News : साहिबगंज से बॉलीवुड तक का सफर, जैकी श्रॉफ के बेटे की भूमिका में चमके कुंदन कुमार

Sahibganj News : साहिबगंज से बॉलीवुड तक का सफर, जैकी श्रॉफ के बेटे की भूमिका में चमके कुंदन कुमार

Johar News Times
3 Min Read

साहिबगंज: बिहार में जन्म और झारखंड के साहिबगंज में परवरिश पाने वाले अभिनेता कुंदन कुमार इन दिनों अपनी नई फिल्म The Great Grand Superhero: Aliens Ka Aagman को लेकर चर्चा में हैं। 29 मई को रिलीज हुई इस फिल्म में वह दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे की अहम भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में दोनों कलाकारों के बीच कई भावनात्मक और प्रभावशाली दृश्य हैं, जिन्हें दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।

साहिबगंज में बीता बचपन, यहीं से मिली पहचान

बिहार के जहानाबाद में जन्मे कुंदन कुमार का बचपन और शिक्षा साहिबगंज में हुई। उनके पिता मिथिलेश सिंह जीआरपी में एएसआई थे और उनकी पोस्टिंग साहिबगंज में होने के बाद परिवार यहीं बस गया। कुंदन ने अपनी शुरुआती पढ़ाई एनआरपी सेंटर से की, इसके बाद संत जोसेफ स्कूल और फिर सेंट. जेवियर्स स्कूल साहिबगंज में शिक्षा ग्रहण की। कुंदन का कहना है कि यदि जहानाबाद ने उन्हें जन्म दिया, तो साहिबगंज ने पहचान, संस्कार और बड़े सपने देखने का हौसला दिया।

बचपन से कला में रुचि, थिएटर से शुरू हुआ सफर
उनके मित्र मोनी सरार्फ के अनुसार, कुंदन पढ़ाई के साथ-साथ कला और अभिनय में भी गहरी रुचि रखते थे। करीब 18 वर्षों के थिएटर अनुभव के साथ उन्होंने दिल्ली की वायम ड्रामेटिक्स सोसायटी से अभिनय यात्रा शुरू की और बाद में वरिष्ठ रंगकर्मियों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने प्रसिद्ध रंगनिर्देशकों भानु भारती, सलीम आरिफ और रामजी बाली के साथ भी काम किया।

वेब सीरीज से फिल्मों तक बनाई पहचान
मुंबई पहुंचने के बाद कुंदन कुमार ने टीवी, वेब सीरीज और फिल्मों में लगातार अपनी जगह बनाई। उनकी प्रमुख परियोजनाओं में अवरोध, जेएल50, स्कैम 2003: द टेल्गी स्टोरी, सैम बहादुर, पटना शुक्ला और लकड़बग्घा शामिल हैं। उन्होंने अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, राजकुमार राव और मनोज बाजपेयी जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ भी स्क्रीन साझा की है।

जल्द ‘धारा 84 आईपीसी’ में आएंगे नजर

कुंदन कुमार ने कहा कि जैकी श्रॉफ के साथ काम करना उनके करियर का विशेष अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि साहिबगंज की मिट्टी से मिले संस्कार और संवेदनशीलता ही उनके अभिनय की सबसे बड़ी ताकत हैं। आने वाले समय में वह अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्म धारा 84 IPC में भी नजर आएंगे, जिसका निर्देशन तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके मनीष सैनी ने किया है।

बिहार-झारखंड की मिट्टी पर गर्व
कुंदन कुमार कहते हैं कि आज अभिनेता, निर्देशक और निर्माता के रूप में जो पहचान उन्हें मिली है, उसकी नींव बिहार और झारखंड दोनों की मिट्टी में है। उन्होंने कहा कि उनकी हर उपलब्धि में दोनों राज्यों का योगदान है और वे हमेशा खुद को बिहार और झारखंड का बेटा मानते रहेंगे। फिल्म की सफलता पर उनके मित्र मोनी सरार्फ, सुमित सरार्फ, अंकित सरार्फ सहित कई लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

Share This Article