चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के पोड़ाहाट जंगल क्षेत्र में मंगलवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ सोनुआ थाना क्षेत्र के केड़ाबीर गांव के पास जंगल में हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को जंगल में नक्सलियों की गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त अभियान के तहत सुरक्षा बलों की टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान जंगल में छिपे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला। दोनों ओर से कुछ देर तक गोलीबारी होने की सूचना है।
चाईबासा के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में अभियान जारी है। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सूत्रों के मुताबिक, पोड़ाहाट के घने जंगलों में सुरक्षा बल लगातार नक्सल विरोधी अभियान चला रहे हैं। मुठभेड़ के बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि नक्सलियों की मौजूदगी और गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में अलर्ट मोड पर हैं और आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — joharnewstimes.com
