झारखंड की जेलों में बढ़ेगी सुरक्षा, भूतपूर्व सैनिकों की होगी संविदा पर बहाली

झारखंड की जेलों में बढ़ेगी सुरक्षा, भूतपूर्व सैनिकों की होगी संविदा पर बहाली

Johar News Times
2 Min Read

राज्यभर की जेलों में 68 कक्षपाल पदों पर भर्ती, 4 जुलाई को होटवार जेल में वॉक-इन इंटरव्यू,

रांची : झारखंड की जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं निरीक्षणालय ने भूतपूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों के पूर्व जवानों की संविदा आधारित नियुक्ति का निर्णय लिया है। इसके तहत राज्य की विभिन्न जेलों में कक्षपाल एवं महिला कक्षपाल के 68 रिक्त पदों पर बहाली की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के लिए 4 जुलाई को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।

कारा विभाग के अनुसार सबसे अधिक 56 रिक्तियां बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में हैं। इसके अलावा मंडल कारा गुमला में तीन, मंडल कारा सिमडेगा में सात तथा उपकारा खूंटी में दो पदों पर नियुक्ति की जाएगी। कुल पदों में 60 पद पुरुष और आठ पद महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 20 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। साथ ही हर वर्ष मानदेय में आठ प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान रखा गया है। नियुक्ति प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए होगी, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा।

विभाग ने बताया कि 1 जून 2026 तक 55 वर्ष से कम आयु के भूतपूर्व सैनिक और अर्द्धसैनिक बल के पात्र अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। कम आयु वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन के बाद अभ्यर्थियों को एक माह का प्रशिक्षण देकर विभिन्न जेलों में तैनात किया जाएगा। कारा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति पूरी तरह संविदा आधारित होगी। नियमित बहाली होने पर संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त की जा सकती है। वहीं अनुशासनहीनता, कर्तव्य में लापरवाही या बिना सूचना अनुपस्थित रहने की स्थिति में भी अनुबंध समाप्त करने का प्रावधान रखा गया है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियुक्ति प्रक्रिया में झारखंड के पात्र अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

Share This Article