लंबी कतारों में खड़े रहे वाहन चालक, स्कूल वाहन, एंबुलेंस और मालवाहक गाड़ियों का संचालन प्रभावित; प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग,
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में पेट्रोल और डीजल की किल्लत से आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा तेल आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच बुधवार को शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई स्थानों पर वाहन चालकों, ड्राइवरों, क्लीनरों और आम लोगों को डिब्बे लेकर घंटों कतार में खड़ा देखा गया।
तेल मिलने की आशंका के बीच लोग सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे, जिससे कई पंपों पर लंबी कतारें लग गईं। हालांकि घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को तेल नहीं मिल सका और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। वाहन चालकों का कहना है कि तेल की कमी के कारण उनके दैनिक और व्यावसायिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। स्कूल वाहन, एंबुलेंस और मालवाहक गाड़ियों के संचालन पर भी असर पड़ा है। एक ट्रक चालक ने बताया कि वह दो घंटे से लाइन में खड़ा है, लेकिन अब तक तेल नहीं मिल पाया है, जिससे समय पर माल की डिलीवरी भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अचानक उत्पन्न हुई स्थिति और तेल संकट की अफवाहों के कारण लोग सामान्य जरूरत से अधिक ईंधन भराने पहुंच रहे हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि तेल की आपूर्ति अपेक्षाकृत कम हुई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों और आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहे प्रभाव के कारण यह स्थिति बनी है। लोगों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर जल्द पर्याप्त ईंधन उपलब्ध कराने और आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य बनाने की मांग की है, ताकि आम जनजीवन और परिवहन व्यवस्था प्रभावित न हो।
