चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र के छोटानागरा थाना अंतर्गत एक गांव से पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। नवजात शिशु के छठीहार समारोह में शामिल होने आया एक युवक का जीजा कथित रूप से अपनी पत्नी को गांव में छोड़कर पीड़ित की पत्नी और नवजात बच्चे को साथ लेकर फरार हो गया। आरोप है कि वह घर से स्कूटी, मोबाइल फोन और 16 हजार रुपये नकद भी ले गया। जानकारी के अनुसार पीड़ित की पत्नी ने कुछ दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था। नवजात के छठीहार संस्कार के अवसर पर 9 जून को घर में पारंपरिक आयोजन रखा गया था, जिसमें रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ पीड़ित ने अपनी बहन और जीजा को भी आमंत्रित किया था। दिनभर पूजा-पाठ, भोज और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच उत्सव का माहौल बना रहा।
ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच परिवार को पता चला कि पीड़ित की पत्नी और नवजात बच्चा घर में नहीं हैं। तलाश करने पर यह भी सामने आया कि पीड़ित का जीजा भी वहां से गायब है। इसके बाद आशंका जताई गई कि वह महिला और बच्चे को अपने साथ लेकर चला गया है। घर के बाहर खड़ी स्कूटी, मोबाइल फोन और 16 हजार रुपये नकद भी नहीं मिले। ग्रामीण सूत्रों का दावा है कि आरोपी पहले से विवाहित है और दो बच्चों का पिता है। घटना के बाद उसकी पत्नी भी सदमे में बताई जा रही है। इस मामले ने दो परिवारों की खुशियां एक झटके में मातम में बदल दी हैं और पूरे गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पीड़ित युवक और उसकी बहन छोटानागरा थाना में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। परिवार ने महिला और बच्चे की सुरक्षित बरामदगी, मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी बड़ाजामदा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज होने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
