रांची में सोमवार को जनजातीय किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सशक्त’ परियोजना का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), एकजुट और पिरामल स्वास्थ्य के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम होटल बीएनआर चाणक्य में संपन्न हुआ, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में एनएचएम के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि केवल योजनाएं बनाना या औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस परिणाम सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि कुपोषण, कम उम्र में विवाह और खराब स्वास्थ्य चक्र को तोड़ना है, तो किशोरियों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा, “अगर हम काम करें और उसका परिणाम सामने न आए, तो वह प्रयास अधूरा है। योजनाओं का असर समाज में दिखना चाहिए, तभी बदलाव संभव है।” उन्होंने यह भी कहा कि समाज में लड़कियां अधिक जिम्मेदार और अनुशासित होती हैं और अवसर मिलने पर हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करती हैं।
शशि प्रकाश झा ने किशोरियों के लिए बेहतर पोषण, रोजगारोन्मुख शिक्षा, काउंसलिंग और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि ‘सशक्त’ परियोजना के तहत काउंसलिंग, क्लिनिकल सेवाओं और कम्युनिटी बेस्ड पीयर एजुकेटर मॉडल को जिला स्तर से लेकर गांव तक प्रभावी तरीके से लागू किया जाए तथा इसकी नियमित समीक्षा भी हो। उन्होंने कहा कि परिवारों, पीयर एजुकेटरों, सहिया और एएनएम नेटवर्क को सक्रिय करते हुए किशोरियों को यौन शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और नेतृत्व विकास से जोड़ा जाएगा। इस परियोजना का लाभ झारखंड के पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी और गुमला समेत पांच जिलों के जनजातीय किशोर-किशोरियों को सीधे तौर पर मिलेगा। परियोजना के तहत वर्ष 2035 तक 10 लाख किशोरियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रत्येक महीने की 24 तारीख को किशोर-किशोरियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्वास्थ्य और जीवन कौशल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाती हैं। इस अवसर पर आरकेएसके के स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ विजय किशोर रजक, एनयूएचएम के स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ मुकेश मिश्रा, डॉ पुष्पा, डॉ कमलेश, डॉ राहुल किशोर सिंह और डॉ प्रदीप समेत कई अधिकारी और विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
