झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) ने राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय समर कैंप आयोजित करने का निर्देश जारी किया है। यह समर कैंप 19 मई से 21 मई तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला शिक्षा अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्देश में कहा गया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए समर कैंप आयोजित किया जा रहा है। इसमें कक्षा 1 से 12 तक के सभी छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। कैंप के सफल संचालन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक को सौंपी गई है।
समर कैंप की तैयारी को लेकर 18 मई को विद्यालय स्तर पर बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इस बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, गतिविधियों का चयन, दायित्वों का वितरण और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। बैठक में सभी शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य होगी। विद्यालयों को स्थानीय स्तर पर समर कैंप का प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए हैं। कैंप के दौरान आयोजित गतिविधियों के फोटो और वीडियो संकलित किए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय को प्रतिदिन कम से कम पांच बेहतर फोटो प्रखंड कार्यालय के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजने होंगे। वहीं जिला कार्यालय चयनित फोटो, वीडियो और मीडिया कवरेज राज्य कार्यालय के व्हाट्सएप नंबर पर उपलब्ध कराएगा।
इसके अलावा समर कैंप में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का विवरण प्रतिदिन शाम 5 बजे तक ई-मेल के माध्यम से राज्य कार्यालय को भेजना अनिवार्य किया गया है। परिषद ने गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने को कहा है। विद्यार्थियों को पानी की बोतल और अन्य जरूरी सामग्री साथ लाने के लिए पहले से सूचित करने का निर्देश भी दिया गया है। गौरतलब है कि झारखंड के सरकारी स्कूलों में 22 मई से 10 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया है।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
