चक्रधरपुर में मानव तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, गुजरात ले जाए जा रहे 36 लोगों को पुलिस ने बचाया

चक्रधरपुर में मानव तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, गुजरात ले जाए जा रहे 36 लोगों को पुलिस ने बचाया

Johar News Times
2 Min Read

चक्रधरपुर में मानव तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर गुजरात मजदूरी के लिए ले जाए जा रहे 30 महिला-पुरुष मजदूरों और 6 नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया है। इस मामले में गुजरात के दो मानव तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 17 मई की रात श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग चक्रधरपुर स्थित K2 होटल में महिला-पुरुष मजदूरों और नाबालिग बच्चों को ठहराकर गुजरात ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कर्रा सोसाइटी फॉर रूरल एक्शन, रांची और चाइल्ड लाइन को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हासमी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम में थाना प्रभारी अवधेश कुमार, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। संयुक्त कार्रवाई के दौरान K2 होटल में छापेमारी कर 30 मजदूरों और 6 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया गया। मुक्त कराए गए बच्चों में 5 लड़के और 1 लड़की शामिल हैं।

पुलिस ने मजदूरों को गुजरात ले जाने में इस्तेमाल की जा रही राजलक्ष्मी बस (OR 11H 0797) को भी जब्त कर लिया है। वहीं सभी नाबालिग बच्चों को बाल कल्याण समिति, चाईबासा के समक्ष प्रस्तुत करते हुए चाइल्ड लाइन के संरक्षण में भेजा गया है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article