आदित्यपुर में अवैध स्क्रैप कारोबार पर प्रशासन का बड़ा हंटर, एसडीओ के नेतृत्व में 3 टालों पर छापेमारी, भारी मात्रा में संदिग्ध सामान जब्त

स्क्रैप की आड़ में चोरी का माल? आदित्यपुर में प्रशासन का ताबड़तोड़ एक्शन

Johar News Times
2 Min Read

आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अवैध स्क्रैपमाफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारीअभिनव प्रकाश के नेतृत्व में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस दौरान तीन अलग-अलग स्क्रैप टालों से भारी मात्रा में कंपनियों का चोरी का मटेरियल, अवैध रूप से काटे जा रहे वाहनों के पार्ट्स, गैस सिलेंडर और गाड़ियों की नंबर प्लेटें बरामद की गई हैं।

प्रशासन की पहली कार्रवाई आरआईटी मोड़ के पास संचालित एक स्क्रैप टाल में हुई। यहाँ बिना किसी अनुमति के चार पहिया वाहनों की अवैध कटिंग का धंधा धड़ल्ले से चल रहा था। मौके पर जब अधिकारी पहुंचे तो नजारा देखकर हैरान रह गए। पुलिस ने वहां से गैस कटर, वाहनों के डाले, नंबर प्लेट और कटे हुए पार्ट्स बरामद किए। जांच के दौरान मिली संदिग्ध सामग्रियों को देखकर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई।

प्रशासन की दूसरी टीम ने शेरे पंजाब चौक के पास स्थित स्क्रैप टाल में धावा बोला। यहाँ भारी मात्रा में जमा स्क्रैप, पुराने वाहनों के टायर, गैस सिलेंडर और संदिग्ध सामग्रियां पाई गईं।

वहीं, सबसे चौंकाने वाली तीसरी कार्रवाई आदित्यपुर थाना के ठीक पीछे संचालित स्क्रैप टाल में हुई। थाने की नाक के नीचे इतने बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कबाड़ का स्टॉक देखकर एसडीओ अभिनव प्रकाश भड़क उठे और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

एसडीओ अभिनव प्रकाश का बयान: “तीनों स्क्रैप टाल संचालकों से लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री और कबाड़ से जुड़े सभी वैध दस्तावेज मांगे गए हैं। इसके साथ ही जिन जमीनों पर ये अवैध टाल चल रहे थे, उनके भू-स्वामियों को भी नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन इस बात की गहन जांच कर रहा है कि बरामद स्क्रैप कंपनियों से चोरी का है या अवैध रूप से लाया गया है। बिना वैध कागजात के चल रहे इस धंधे को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

Share This Article