तीन महीने बाद भी नहीं मिला सुराग, अदिति की तलाश में फिर उतरेगी पुलिस

तीन महीने बाद भी नहीं मिला सुराग, अदिति की तलाश में फिर उतरेगी पुलिस

Johar News Times
2 Min Read

रांची: सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित खोरहाटोली से लापता डेढ़ वर्षीय मासूम अदिति पांडे की तलाश में पुलिस एक बार फिर बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाने की तैयारी कर रही है। नौ मई से लापता अदिति का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है, जबकि मामले को लेकर पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है।

अदिति के लापता होने के दो दिन बाद सीएम ने दिए थे त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जानकारी के अनुसार, अदिति पांडे (उम्र करीब 1 वर्ष 8 माह) नौ मई को अपने घर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी। बच्ची के गायब होने के दो दिन बाद, 11 मई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची पुलिस को अदिति की खोज अभियान में तेजी लाने और कार्रवाई की जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था।

मामले की जांच कर रहे सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने हाल ही में अदिति के परिजनों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने घर के पीछे सुरक्षा के लिए बाउंड्री निर्माण कराने की सलाह भी दी। पुलिस का मानना है कि घर के पीछे खुला क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा संबंधी जोखिम बना रहता है।

अदिति की तलाश में पहले भी कई बार राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने नाले में सर्च ऑपरेशन चलाया था। तलाशी के दौरान एक अवशेष बरामद हुआ था, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस उसकी फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद जांच को नई दिशा मिल सकती है।

Share This Article