हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने छीनी पुलिसकर्मी की पिस्टल, जवाबी कार्रवाई में घायल

हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने छीनी पुलिसकर्मी की पिस्टल, जवाबी कार्रवाई में घायल

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर। शहर में चेन स्नेचिंग मामले में गिरफ्तार एक आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। यह घटना सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित टाउन हॉल के समीप उस समय हुई, जब पुलिस गिरफ्तार आरोपी को हथियार बरामदगी के लिए लेकर गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेल्को क्षेत्र में हुई चेन स्नेचिंग की घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें हरपाल सिंह उर्फ गबरू भी शामिल है। पुलिस टीम देर रात आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद करने सिदगोड़ा टाउन हॉल के पास पहुंची थी।

बताया जाता है कि बरामदगी की प्रक्रिया के दौरान आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल छीन ली। इसके बाद उसने पुलिस टीम की ओर फायरिंग कर दी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान चली गोली आरोपी हरपाल उर्फ गबरू के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा अपने कब्जे में लेकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी सक्रिय हो गए और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया था और वह किन-किन आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। घायल आरोपी का इलाज चल रहा है और चिकित्सकीय अनुमति मिलने के बाद उससे आगे पूछताछ की जाएगी। साथ ही चेन स्नेचिंग गिरोह के अन्य सदस्यों और उससे जुड़े अपराधों की भी जांच की जा रही है।

Share This Article