सरायकेला-खरसावां: जिले के चौका थाना क्षेत्र में सोमवार को एक ट्रक चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। चालक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु के सेलम जिले निवासी विजयकुमार एस ट्रक लेकर हजारीबाग जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-33 पर दिनाई गांव स्थित जिओ पेट्रोल पंप के पास उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को तत्काल चांडिल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव ट्रक के खलासी को सौंप दिया गया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है। मृतक विजयकुमार एस तमिलनाडु के सेलम जिले के थम्ममपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोक्कन काडु गांव के रहने वाले थे। चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि चालक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
