नामकुम में अपराधियों का तांडव, दुकानदार को गोली मारकर नकदी और जेवर लूटे

नामकुम में अपराधियों का तांडव, दुकानदार को गोली मारकर नकदी और जेवर लूटे

Johar News Times
2 Min Read

रांची: राजधानी के नामकुम थाना क्षेत्र में सोमवार रात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार को गोली मार दी और नकदी समेत कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। घटना कुटियातु आर्मी मैदान के पास रात करीब नौ बजे हुई।

जानकारी के अनुसार, सदाबहार चौक निवासी रोहित कुमार कुटियातु चौक स्थित रिसव इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान के संचालक हैं। सोमवार रात वह बाजार से तगादा कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया।

बदमाशों ने हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर रोहित कुमार के पैर में गोली मार दी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी उनके पास से सोने का लॉकेट, सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन और करीब 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही खरसीदाग थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में सिटी एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

घायल दुकानदार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article