कपाली फायरिंग कांड में दूसरा आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा से दबोचा गया ‘जम्बो बच्चा’; विदेशी पिस्टल बरामद

कपाली फायरिंग कांड में दूसरा आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा से दबोचा गया ‘जम्बो बच्चा’; विदेशी पिस्टल बरामद

Johar News Times
3 Min Read

सरायकेला-खरसावां: कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर में जमीन संबंधी विवाद के दौरान हुई फायरिंग मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के दूसरे आरोपी मो. सलमान उर्फ जम्बो बच्चा को ओडिशा के बांगरीपोशी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम का विदेशी पिस्टल भी बरामद किया गया है।

चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 2 जून को इस्लामनगर में जमीन का काम करा रहे अफसर नवाज पर जानलेवा हमला किया गया था। आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए फायरिंग की थी। घटना के बाद अफसर नवाज के बयान पर कपाली ओपी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान 5 जून को इस कांड के एक आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इसके बाद फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी।

इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि मामले का दूसरा आरोपी मो. सलमान उर्फ जम्बो बच्चा ओडिशा में छिपा हुआ है। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बांगरीपोशी में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया ‘मेड इन यूएसए’ अंकित 7.65 एमएम पिस्टल भी बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद मंडल कारा, सरायकेला भेज दिया गया है।

एसडीपीओ ने बताया कि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम के पीछे की साजिश और संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Share This Article