मजदूर की मौत के बाद भी नहीं सुधरे हालात, पुल निर्माण में सुरक्षा नियमों की अनदेखी

मजदूर की मौत के बाद भी नहीं सुधरे हालात, पुल निर्माण में सुरक्षा नियमों की अनदेखी

Johar News Times
2 Min Read

गुड़ाबांदा के बालिजुड़ी में 16.11 करोड़ की लागत से बन रहे पुल निर्माण स्थल पर मजदूरों को नहीं मिल रहे सुरक्षा उपकरण,

डुमरिया/गुड़ाबांदा: ग्रामीण विकास विभाग विशेष प्रमंडल की ओर से गुड़ाबांदा प्रखंड के बालिजुड़ी में सुवर्णरेखा नदी पर 16.11 करोड़ रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कराया जा रहा है। विधायक समीर कुमार मोहंती की अनुशंसा पर स्वीकृत इस पुल का शिलान्यास 10 अक्टूबर 2024 को विधायक और सांसद द्वारा किया गया था। वर्तमान में 13 पिलरों की ढलाई पूरी हो चुकी है और उन पर स्लैब बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है।

निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बीते 3 जून को ऊंचाई से लोहे की भारी प्लेट गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। इसके बावजूद निर्माण स्थल पर मजदूर बिना हेलमेट और सुरक्षा बूट के ही ऊंचाई पर काम करते नजर आ रहे हैं। संवेदक के प्रतिनिधि ब्रजेश कुमार का कहना है कि मजदूरों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, लेकिन वे स्वयं उनका उपयोग नहीं करते। वहीं संवेदक राजेश अग्रवाल ने कहा कि निर्माण स्थल की पूरी व्यवस्था ब्रजेश कुमार के जिम्मे है।

दूसरी ओर मजदूरों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि उन्हें अब तक किसी प्रकार का सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे वे जोखिम उठाकर काम करने को मजबूर हैं। मामले पर ग्रामीण विकास विभाग के कनीय अभियंता चंद्रशेखर दास ने कहा कि निरीक्षण के दौरान संवेदक को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मजदूर की मौत के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होने से निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share This Article