गढ़वा (झारखंड)। जिले के श्री बंशीधर नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात फोरलेन सड़क पर हुए दो अलग-अलग दर्दनाक सड़क हादसों में कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, पहली दुर्घटना थाना क्षेत्र के जतपुरा गांव के पास हुई, जबकि दूसरी घटना बभनी गांव स्थित मिट्ठू जायसवाल के धर्मकांटा के समीप घटी।
पहली दुर्घटना: बाइक को ट्रक ने मारी टक्कर
बभनी गांव के पास एक बाइक पर पांच युवक सवार होकर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी युवक अपने दोस्त किशुन उरांव को ओडिशा ट्रेन पकड़ाने के बाद सगमा प्रखंड के कटहर गांव घूमने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय निवासी मिट्ठू जायसवाल ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अनुमंडल अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान तीन युवकों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान इस प्रकार की गई है—
- चंदन उरांव (16), पिता रघुनाथ उरांव, सरपलिया गांव
- मंतोष उरांव (17), पिता पारस उरांव
- सोनू उरांव (22), पिता धनेश्वर उरांव
वहीं अखलेश उरांव (20) की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
दूसरी दुर्घटना: बाइक डिवाइडर से टकराई, एक की मौत
दूसरी घटना जतपुरा गांव के पास हुई, जहां ठरकीया गांव निवासी राजू विश्वकर्मा (36) की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह गढ़वा से काम कर लौट रहे थे, इसी दौरान नींद आने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस हादसे में सोनबरसा गांव निवासी अतेंद्र कुमार (18) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस जांच जारी, गांवों में मातम
हादसे के बाद दोनों मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
