पाकुड़: महेशपुर थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पाकुड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिग आरोपियों को निरुद्ध किया गया है।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि घटना 16 मई 2026 की रात लगभग 8:30 बजे की है। मामले की सूचना 17 मई को पुलिस को प्राप्त हुई, जिसके बाद महेशपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम ने वैज्ञानिक, मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी अभियान चलाकर चार घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में अभिनाश सोरेन, बबुता सोरेन उर्फ खबीलाल सोरेन, असार टुडू, बबनू हेंब्रम उर्फ बुधिश्वर हेंब्रम एवं कार्तिक मुर्मू शामिल हैं। वहीं दो नाबालिग आरोपियों को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ विजय कुमार, महेशपुर थाना प्रभारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी तथा दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com
