लौहनगरी में आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी के बीच सड़कों पर मुस्तैद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने एक सराहनीय पहल की है। डालसा के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के निर्देश पर गुरुवार को पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर तैनात ट्रैफिक जवानों के बीच ठंडा पानी और ओआरएस के पैकेट वितरित किए।
दोपहर की चिलचिलाती धूप में ‘न्याय रथ’ लेकर निकली टीम
डालसा द्वारा जिले में चलाए जा रहे 90 दिवसीय सघन जागरूकता अभियान के तहत ‘न्याय रथ’ लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहा है। गुरुवार को दोपहर के समय जब धूप और गर्मी अपने चरम पर थी, तब डालसा की टीम ने साकची शीतला मंदिर, आम बगान, साकची गोलचक्कर, साकची थाना के समीप, बिष्टुपुर और सोनारी जैसे प्रमुख इलाकों का दौरा किया।
टीम में शामिल पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, संजय तिवारी, मनोज महतो और बालेश्वर दास ने अपनी ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से मुलाकात की और उन्हें ओआरएस का घोल व ठंडा जल पिलाकर मानवता का परिचय दिया। इस नेक कार्य के लिए ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने डालसा टीम की काफी सराहना की।
पीएलवी सदस्यों ने बताया कि इस सेवा कार्य के साथ-साथ आम जनों और जरूरतमंदों को कानून के प्रति जागरूक करने का अभियान भी समानांतर रूप से चलाया गया। ‘न्याय रथ’ के माध्यम से लोगों को कई महत्वपूर्ण कानूनी विषयों की जानकारी दी गई:
- नागरिकों के मौलिक अधिकार और कर्तव्य।
- सीनियर सिटीजन एक्ट और पोक्सो एक्ट।
- घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण और दुर्घटना क्लेम ।
- आपदा राहत, नशा उन्मूलन और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाएं।
डालसा टीम ने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या या सहायता के लिए वे बिना किसी झिझक के डालसा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं, जहाँ उन्हें मुफ्त और त्वरित कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी।
