गुवा पुलिस की बड़ी कामयाबी: खेल-खेल में लापता हुए तीन बच्चों का सकुशल रेस्क्यू, परिजनों को सौंपा

पुलिस बनी देवदूत: गुवा में हफ़्ते भर से लापता तीन दोस्तों को पुलिस ने खोज निकाला, सुरक्षित पाकर रो पड़े माता-पिता।

Johar News Times
3 Min Read

पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र से एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले कुछ दिनों से लापता तीन मासूम बच्चों को गुवा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार सुबह सकुशल बरामद कर लिया। तीनों बच्चों को गुवा के हिरजीहाटिंग क्षेत्र में अकेले भटकते हुए देखा गया था, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल उन्हें अपनी सुरक्षा में लिया। थाना लाकर प्राथमिक देखरेख के बाद बच्चों के माता-पिता को सूचित किया गया और उन्हें सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।

स्कूल से लौटने के बाद खेलने के दौरान हुए थे लापता

जानकारी के मुताबिक, गुवा थाना क्षेत्र के ठाकुरा गांव निवासी सुकरा चाम्पिया का 13 वर्षीय पुत्र दर्शना चाम्पिया बीते 15 मई से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने बताया कि 15 मई की दोपहर दर्शना गुवासाई स्कूल से पढ़ाई कर घर लौटा था। वह घर पर खाना खाने के बाद अपने दो दोस्तों के साथ बाहर खेलने निकला था।

जब देर शाम तक तीनों बच्चे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। ग्रामीणों और रिश्तेदारों के स्तर पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। तीन बच्चों के एक साथ गायब होने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया था और अनहोनी की आशंका से परिजन बेहद डरे हुए थे।

काफी तलाश के बाद जब बच्चों का कुछ पता नहीं चला, तब थक-हारकर परिजनों ने गुवा थाना में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होते ही गुवा थाना पुलिस तुरंत रेस हुई। पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर सघन जांच और खोजबीन अभियान चलाया।

पुलिस की इसी तत्परता का नतीजा रहा कि गुरुवार की सुबह तीनों बच्चों को हिरजीहाटिंग इलाके से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। बच्चों के सकुशल मिलते ही पिछले कई दिनों से रो-रोकर बुरा हाल कर चुके माता-पिता और परिजनों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों ने गुवा पुलिस के मानवीय चेहरे और त्वरित कार्रवाई के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।

Share This Article