26 मई को केरल पहुंच सकता है मॉनसून, भीषण गर्मी से जल्द राहत के संकेत

26 मई को केरल पहुंच सकता है मॉनसून, भीषण गर्मी से जल्द राहत के संकेत

Johar News Times
2 Min Read

देशभर में तपती गर्मी के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 26 मई को केरल में दस्तक दे सकता है। यह सामान्य तिथि 1 जून से लगभग 5 से 6 दिन पहले माना जा रहा है। अगर अनुमान सही साबित होता है, तो देश के कई हिस्सों में गर्मी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद बढ़ जाएगी।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्व अरब सागर में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां तेजी से अनुकूल हो रही हैं। अगले कुछ दिनों में मॉनसून के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। IMD ने यह भी कहा है कि मॉनसून केरल पहुंचने की तारीख में चार दिन आगे-पीछे का अंतर संभव है।

विशेषज्ञों का कहना है कि मॉनसून का समय पर या समय से पहले पहुंचना खेती, जलसंकट और बिजली उत्पादन के लिहाज से काफी अहम माना जाता है। खासकर खरीफ फसलों की बुवाई के लिए शुरुआती बारिश किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।

हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने यह भी स्पष्ट किया है कि मॉनसून का जल्दी पहुंचना पूरे देश में सामान्य या अधिक बारिश की गारंटी नहीं होता। बारिश का वितरण और उसकी तीव्रता अलग-अलग राज्यों में अलग रह सकती है।

पिछले वर्ष मॉनसून 24 मई को केरल पहुंचा था, जबकि इस बार भी इसके तय समय से पहले सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग लगातार इसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी कर रहा है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article