भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी में सोमवार तड़के अचानक आग लगने से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग ट्रेन की जनरल बोगी में लगी, जिसके बाद कुछ ही देर में कोच से धुआं और लपटें उठने लगीं।
घटना के समय ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी और बड़ी संख्या में यात्री बोगी में मौजूद थे। आग लगते ही यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए जल्दबाजी में ट्रेन से नीचे उतरने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में बोगी से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और रेल्वे प्रोटेक्शन फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल विभाग को बुलाया गया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक जनरल कोच का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में लंबे समय तक दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कई यात्री अपना सामान तक छोड़कर ट्रेन से नीचे उतर गए। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी यात्री द्वारा ज्वलनशील सामग्री ले जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित बोगी को ट्रेन से अलग कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। इस घटना के बाद यात्रियों ने ट्रेनों में नियमित जांच और बेहतर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
