जमशेदपुर: किराना दुकान की आड़ में चल रहा था गांजे का धंधा, पुलिस ने छापेमारी कर पुराना अपराधी दबोचा

किराना की आड़ में गांजे का व्यापार: जमशेदपुर पुलिस का बड़ा प्रहार!

Johar News Times
2 Min Read

बर्मामाइन्स थाना क्षेत्र अंतर्गत कैरेज कॉलोनी मुस्लिम बस्ती में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए किराना दुकान की आड़ में चल रहे अवैध गांजा कारोबार का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुस्लिम बस्ती निवासी मोहम्मद समद (33 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 20 मई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कैरेज कॉलोनी स्थित ‘फलक स्टोर’ नामक राशन दुकान में अवैध रूप से गांजे की खरीद-बिक्री की जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आई और दंडाधिकारी की मौजूदगी में टांगा जवानों, पीसीआर और थाना गश्ती दल के साथ दुकान पर औचक छापेमारी की। पुलिस की गाड़ी देखते ही दुकान के पास खड़े खरीदार और ग्राहक मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दुकान संचालक मोहम्मद समद को धर दबोचा।

दुकान की तलाशी लेने पर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर काउंटर में छिपाकर रखी गई 17 पुड़िया गांजा और एक प्लास्टिक की पन्नी में रखा खुला गांजा बरामद किया। पुलिस ने सभी प्रतिबंधित सामग्रियों को जब्त कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद समद का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पहले भी डकैती और मारपीट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए किराना दुकान खोली और उसकी आड़ में लंबे समय से अवैध गांजे का धंधा चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article