आदित्यपुर एस-टाइप चौक में विवादित बुलडोजर कार्रवाई, 40 साल पुरानी दुकान तोड़े जाने पर बवाल

आदित्यपुर एस-टाइप चौक में विवादित बुलडोजर कार्रवाई, 40 साल पुरानी दुकान तोड़े जाने पर बवाल

Johar News Times
3 Min Read

सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित एस-टाइप चौक के पास रविवार को एक पुरानी दुकान पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया। पीड़ित दुकानदार हेमंत कुमार दास ने आरोप लगाया है कि बिना किसी प्रशासनिक नोटिस और अधिकारी की मौजूदगी के उनकी करीब 35 से 40 साल पुरानी दुकान को जेसीबी लगाकर ध्वस्त कर दिया गया। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में भारी आक्रोश है।

हेमंत कुमार दास ने बताया कि उनकी दुकान आवास बोर्ड द्वारा अस्थाई रूप से आवंटित थी और वह वर्षों से नियमित किराया जमा करते आ रहे थे। उनका आरोप है कि रविवार सुबह कुछ लोग जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे और दुकान तोड़ना शुरू कर दिया। दुकानदार का कहना है कि इस दौरान जिला प्रशासन या आवास बोर्ड का कोई अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि शंभू नाथ सिंह नामक व्यक्ति के कहने पर यह कार्रवाई कराई गई। जेसीबी से दुकान तोड़े जाने के कारण दुकान में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद हेमंत कुमार दास ने आदित्यपुर थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस बिना कोई कार्रवाई किए लौट गई और जेसीबी को भी जब्त नहीं किया गया।

स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि जिस स्थान पर 9 से 10 अन्य दुकानें भी मौजूद हैं, वहां केवल एक दुकान को ही निशाना क्यों बनाया गया। दुकानदारों का आरोप है कि यह कार्रवाई प्रशासनिक प्रक्रिया के बजाय निजी दबाव और रंजिश के तहत की गई है।

मामले को लेकर अब तक सरायकेला एसडीओ, आदित्यपुर थाना प्रभारी या आवास बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पीड़ित दुकानदार ने उपायुक्त और एसपी को लिखित शिकायत देकर दोषियों पर कार्रवाई, मुआवजा और जेसीबी जब्त करने की मांग की है।

दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो एस-टाइप चौक पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट joharnewstimes.com को लाइक और सब्सक्राइब करें।

Share This Article