जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में नरवा पहाड़–जादूगोड़ा मुख्य सड़क पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जादूघुटू के पास बाइक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े नौ बजे दो युवक बाइक से जादूगोड़ा से नरवा पहाड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही ऑटो से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में राजदोहा स्थित खुर्शी टोला निवासी सुरेंद्र हांसदा की मौत हो गई, जबकि पोटका राजदोहा निवासी दशमत हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सुरेंद्र हांसदा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
