झारखंड सरकार ने आईएएस अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन से जुड़ी पूर्व अधिसूचना में संशोधन करते हुए नया शुद्धि पत्र जारी किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी आदेश में कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
संशोधित आदेश के अनुसार 2015 बैच के आईएएस अधिकारी नीरज कुमार सिंह को उद्योग विभाग से स्थानांतरित कर अपर सचिव, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग बनाया गया है। साथ ही उन्हें प्रबंध निदेशक, झारखंड राज्य विपणन कॉर्पोरेशन लिमिटेड, रांची का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि पूर्व अधिसूचना में उन्हें भूलवश उत्पाद आयुक्त अंकित कर दिया गया था।
वहीं 2018 बैच की आईएएस अधिकारी समीरा एस को संयुक्त सचिव, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के पद पर पदस्थापित किया गया है। इसके साथ ही उन्हें निदेशक, मध्याह्न भोजन प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है, जिसे पिछली अधिसूचना में शामिल नहीं किया गया था।
सरकार ने अलग आदेश में चार अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी दी है। 2012 बैच के आईएएस अधिकारी संदीप सिंह को श्रमायुक्त के साथ अतिरिक्त प्रभार के रूप में उत्पाद आयुक्त बनाया गया है। वहीं बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा को क्षेत्रीय निदेशक जियाडा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा 2013 बैच के आईएएस अधिकारी आदित्य कुमार आनंद को विशेष सचिव, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग बनाया गया है। उन्हें निदेशक, नियोजन एवं प्रशिक्षण, रांची का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है। 2015 बैच की आईएएस अधिकारी जाधव विजया नारायण राव की पूर्व पदस्थापना निरस्त करते हुए उन्हें योजना एवं विकास विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।
