इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लीग चरण का समापन दिल्ली कैपिटल्स की शानदार जीत के साथ हुआ। रविवार को ईडन गार्डन्स में खेले गए आखिरी लीग मुकाबले में दिल्ली ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रन से हराकर टूर्नामेंट का सफर सकारात्मक अंदाज में खत्म किया। हालांकि दोनों टीमें पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी थीं, फिर भी मुकाबले में रोमांच और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 203 रन का मजबूत स्कोर बनाया। टीम की ओर से के. एल. राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 60 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में कई आकर्षक शॉट लगाए और रन गति को बनाए रखा।
कप्तान अक्षर पटेल ने 39 रन की उपयोगी पारी खेली। वहीं डेविड मिलर ने 28 और आशुतोष शर्मा ने 18 रन बनाकर अंतिम ओवरों में तेजी से रन जुटाए, जिससे टीम 200 रन के पार पहुंचने में सफल रही। 204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 63 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। इसके अलावा मनीष पांडे ने 25 और रोवमैन पॉवेल ने 29 रन बनाए, लेकिन लगातार विकेट गिरने से टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
दिल्ली की गेंदबाजी भी पूरे मैच में प्रभावशाली रही। लुंगी एनगिडी और कुलदीप यादव ने तीन-तीन विकेट लेकर कोलकाता के बल्लेबाजी क्रम पर दबाव बनाए रखा। वहीं मिशेल स्टार्क ने भी दो अहम विकेट झटके। दिन के पहले मुकाबले में राजस्थान की जीत के बाद प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई। राजस्थान ने अंतिम स्थान हासिल किया, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटन और सनराईर्स हैदराबाद पहले ही अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर चुके थे। दिल्ली के लिए यह जीत प्लेऑफ में जगह न मिलने के बावजूद सम्मानजनक विदाई साबित हुई।
