सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। चांडिल थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित मटिया रोड (कदमडीह) में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। शुक्रवार देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच तीन अज्ञात चोरों ने राजेश कुमार सिंह के घर के बरामदे से एक कंपनी की बाइक चोरी कर ली। चोरों की यह पूरी करतूत घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने इस संबंध में चांडिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
लॉक करना भूले और हो गई वारदात
पीड़ित राजेश कुमार सिंह ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी कंपनी की बाइक को घर के बरामदे में खड़ी करते थे। शुक्रवार की रात वे गलती से बाइक को लॉक करना भूल गए। सुबह जब उनकी आंख खुली, तो बरामदे से बाइक गायब थी। इसके बाद जब उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, तब जाकर पूरी चोरी की घटना का खुलासा हुआ।
सीसीटीवी में दिखे तीन चोर, धक्का मारकर ले गए बाइक
सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि वारदात को अंजाम देने के लिए तीन युवक आए थे। पहले एक युवक ने घर के आसपास अच्छी तरह से रेकी की। जब उसे तसल्ली हो गई कि सब सो रहे हैं, तो उसके दो अन्य साथी घर के अंदर दाखिल हुए। दोनों युवकों ने बरामदे में खड़ी बाइक को निकाला और फिर तीनों चोर बेहद शातिराना अंदाज में बाइक को धक्का मारते हुए पिछली गली से होते हुए एसएस हाईस्कूल की तरफ लेकर फरार हो गए।
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल, स्थानीय लोगों में नाराजगी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मटिया रोड और आसपास के इलाकों में बाइक चोरी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। चांडिल थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, चांडिल थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुट गई है। अब देखना होगा कि पुलिस इन चोरों को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।
