दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2614 टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। विमान रनवे तक पहुंच चुका था, लेकिन खराबी आने पर पायलट ने उसे वापस टैक्सीवे पर लौटा लिया। रनवे से लौटने के बाद विमान का एयर कंडीशनिंग सिस्टम पूरी तरह बंद हो गया। आरोप है कि करीब 170 यात्रियों को लगभग दो घंटे तक बंद केबिन में ही बैठाए रखा गया। दिल्ली की गर्मी और उमस के बीच AC बंद होने से केबिन का तापमान तेजी से बढ़ गया, जिससे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक परेशान हुए।
यात्रियों ने जब क्रू से स्थिति की जानकारी मांगी तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बढ़ती परेशानी और दमघोंटू माहौल के बीच यात्रियों ने विमान के अंदर विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद एयरलाइन ने केबिन का दरवाजा खोलकर सभी यात्रियों को वापस टर्मिनल भेज दिया।
टर्मिनल लौटने के बाद तकनीकी टीम ने विमान की जांच कर खराबी दूर की। इसके बाद यात्रियों को दोबारा बोर्डिंग कराई गई और विमान ने विलंब से उड़ान भरी। निर्धारित समय शाम 4:35 बजे के बजाय फ्लाइट करीब रात 8:05 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंची। इस घटना के कारण यात्रियों को लंबे इंतजार के साथ मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
